सितम्बर 9, 2026 9:27 अपराह्न

printer

ज़िला प्रशासन विकास, सुधार और परिवर्तन के असली इंजन: कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन ही विकास, सुधार और परिवर्तन के असली इंजन हैं। श्री चौधरी ने यह बात ‘महिलाओं के लिए सतत आजीविका का निर्माण’ विषय पर आधारित कौशल मंथन के उद्घाटन सत्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जिला-आधारित योजना पद्धति के माध्यम से मंत्रालय यह सुनिश्चित कर रहा है कि कौशल विकास पहल स्थानीय जरूरतों से प्रेरित हों और उद्योग, विशेष रूप से सूक्ष्‍म, लघु और मध्यम उद्यम की आवश्यकताओं के अनुरूप हों।

वर्चुअल संवाद में उत्तर प्रदेश के मेरठ और बिजनौर तथा आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले की नवोन्मेषी पहलों का उल्‍लेख किया गया। मंत्रालय ने कहा कि कौशल मंथन नवीन और प्रभावशाली जिला-आधारित पहलों को प्रदर्शित करने के लिए एक ज्ञान-साझा करने के  मंच के रूप में कार्य करेगा। कौशल मंथन के माध्यम से, जिला स्तरीय नवाचार महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, आत्मनिर्भर समुदायों और विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण में योगदान देगा।