संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने देश में महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की शिरोमणि अकाली दल की मांग का स्वागत किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर महिलाओं को सशक्त बनाना होगा और निष्पक्ष तथा समान परिसीमन सुनिश्चित करना होगा जिससे सभी राज्यों को समान प्रतिनिधित्व मिले।
शिरोमणि अकाली दल ने चंडीगढ़ में अपने वरिष्ठ नेताओं की बैठक में यह मांग रखी थी। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पार्टी ने निष्पक्ष तथा समान परिसीमन की भी मांग की है जिससे सभी राज्यों को समान प्रतिनिधित्व मिले। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी ने संसद में सरकार द्वारा सभी राज्यों की सीटों में एकसमान रूप से पचास प्रतिशत की वृद्धि के प्रस्ताव का समर्थन किया है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक पोस्ट का जवाब देते हुए श्री रिजिजू ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि 2029 में होने वाले आगामी आम चुनावों में महिला आरक्षण को लागू करने के लिए, प्रकाशित नवीनतम जनगणना आंकड़ों के आधार पर परिसीमन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाना आवश्यक है। श्री रिजिजू ने कहा कि परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू होगा। उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े प्रकाशित करने की प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है। उन्होंने कहा कि जाति आधारित जनगणना के कारण इसे अंतिम रूप से प्रकाशित होने में काफी समय लग सकता है । इससे महिला आरक्षण के कार्यान्वयन में काफी देरी हो सकती है, कम से कम 2034 के आम चुनावों से पहले तो यह लागू नहीं होगा। श्री रिजिजू ने यह भी कहा कि संविधान संशोधनों के साथ लोकसभा में पेश किए गए परिसीमन विधेयक 2026 के तहत कार्यान्वयन पद्धति का प्रस्ताव दिया गया है।