सितम्बर 9, 2026 8:19 पूर्वाह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रीलंका में भारतीय समुदाय को दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रीलंका में रहने वाले भारतीय समुदाय को दोनों देशों के बीच सेतु बताया है। उन्‍होंने कहा कि वे दोनों राष्ट्रों के बीच मित्रता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री सिंह कल श्रीलंका के तीन दिन के दौरे पर कोलंबो पहुंचे। उन्‍होंने प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत संकट के समय में हमेशा श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्‍होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के बीच संबंध साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था पर आधारित हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि दोनों राष्ट्रों के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। इसने द्विपक्षीय संबंधों के विकास के लिए मजबूत आधार प्रदान किया है।

श्री सिंह ने भारत के तीव्र आर्थिक परिवर्तन का जिक्र करते हुए कहा कि देश विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और वैश्विक विकास में 16 प्रतिशत से अधिक का योगदान देता है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 2026-27 की पहली तिमाही में सात दशमलव आठ प्रतिशत रही। श्री सिंह ने बताया कि भारत ने पिछले 12 वर्षों में 38 देशों के साथ व्यापार समझौते किए हैं, जिनमें आठ प्रमुख देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते- एफटीए शामिल हैं।

रक्षा मंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ एफटीए को सभी समझौतों की जननी बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता यूरोपीय संघ के विशाल बाजार तक पहुंच प्रदान करता है और भारत की बढ़ती कूटनीतिक तथा आर्थिक क्षमताओं को दर्शाता है। श्री सिंह ने भारत की वैश्विक विश्वसनीयता में इस महत्वपूर्ण वृद्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा कि 12 वर्ष पहले की तुलना में आज जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर बोलता है तो दुनिया उसकी बात सुनती है।

श्री सिंह रक्षा और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। बंदरनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्रीलंका के उप रक्षा मंत्री सेवानिवृत्त मेजर जनरल अरुणा जयसेकरा ने रक्षा मंत्री का स्वागत किया।