अधिकारियों ने बताया कि कराची तट से 12 घंटे पहले लापता हुए बोइंग कार्गो विमान का मलबा आज गहरे समुद्र में खोज अभियान के दौरान पाकिस्तानी बचाव दल को मिल गया है। विमान में सवार पांच चालक दल के सदस्यों की तलाश जारी है। पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने बताया कि के2 एयरवेज के कार्गो बोइंग 737 विमान का मलबा ओरमारा बंदरगाह से 53 समुद्री मील (98 किमी) दक्षिण में बरामद किया गया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। फ्लाइट ट्रैकिंग सेवा फ्लाइटराडार24 के अनुसार, विमान कराची के दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में कई बार ऊंचाई में अचानक बदलाव के बाद तेजी से नीचे उतरने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया होगा।