सितम्बर 3, 2026 9:12 अपराह्न

printer

नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1200 से अधिक, 4200 से अधिक लोग अब भी लापता

नेपाल-तिब्बत में आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1252 हो गई है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 4216 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों के अनुसार चितवन जिले से 355, नवलपरासी पूर्व से 218, नवलपरासी पश्चिम से 208 और नुवाकोट से 177 शव बरामद किए गए हैं। नवलपरासी पश्चिम से बरामद शवों में भारत से लाए गए 18 शव भी शामिल हैं। इसी तरह, रसुवा से 127, गोरखा से 69, धादिंग से 60 और तनहूं से 38 शव बरामद किए गए हैं।

चीन के तिब्बत में नेपाल सीमा के पास ग्यिरोंग काउंटी में आई बाढ़ में भी मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है, जबकि 541 लोग अब भी लापता हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बाढ़ प्रभावित इलाकों में लापता लोगों के परिजनों ने कुश घास से प्रतीकात्मक पुतले बनाकर अंतिम संस्कार शुरू कर दिया है। लापता लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद कम होने और शवों की पहचान में कठिनाई के कारण परिवार ऐसा कर रहे हैं।

इस बीच, आज भोतेकोशी नदी के ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। इससे भोतेकोशी और त्रिशूली नदियों के साथ-साथ रसुवा और नुवाकोट जिलों की छोटी नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। ये बाढ़ पिछले महीने की 26 तारीख को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के मलबे से हुए हिमस्खलन के बाद आई थी। बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई शहरों और गांवों में भारी तबाही मचाई है।