जून 2, 2026 2:26 अपराह्न

printer

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट के पांच नए जजों को शपथ दिलाई

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने आज सर्वोच्‍च न्‍यायालय के पांच नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति शील नागू, श्री चंद्रशेखर, संजीव सचदेवा और अरुण पल्ली के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र द्वारा उनकी नियुक्ति को मंजूरी दिए जाने के बाद न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
 
कॉलेजियम की 22 और 27 मई को हुई बैठकों में की गई सिफारिशों पर कार्रवाई करते हुए केंद्र सरकार ने कल उच्च न्यायालय के चार मुख्य न्यायाधीशों और वरिष्ठ अधिवक्ता मोहना को सर्वोच्‍च न्‍यायालय में पदोन्नत करने की मंजूरी दी।
 
सोशल मीडिया पोस्ट में केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने घोषणा की कि राष्ट्रपति ने मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद इनको न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है।
 
शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन अध्यादेश, 2026 को लागू करने के कुछ सप्ताह बाद हो रहा है, जिसके तहत भारत के मुख्य न्यायाधीश सहित सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी गई है।