दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगामी कांवड़ यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उच्च स्तरीय कांवड़ समिति का पुनर्गठन किया है। दिल्ली सरकार के संस्कृति और कानून मंत्री कपिल मिश्रा को इस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि विधायक अजय महावर, अनिल शर्मा, करनैल सिंह, संजय गोयल और उमंग बजाज को समिति का सदस्य बनाया गया है।
नवगठित समिति के अध्यक्ष कपिल मिश्रा के नेतृत्व में जल्द ही जिला अधिकारियों, दिल्ली पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में यात्रा मार्गों के प्रबंधन, शिविरों में वॉटरप्रूफ टेंटों की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, निर्बाध बिजली-पानी आपूर्ति तथा सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और जनआस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार कांवड़ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा इस वर्ष भी कांवड़ शिविरों को विशेष सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।