मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल जिले के जगदीशपुर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि हस्तांतरित करेंगे। कार्यक्रम में 10 लाख 54 हजार किसानों के बैंक खातों में सीधे एक हजार चार सौ साठ करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जायेगी। प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल बर्बाद होने से राहत देने के लिए किसानों को यह राशि दी जाएगी। जगदीशपुर में आज मंत्रिमंडल की बैठक भी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि अल नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। उन्होंने किसानों से अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील भी की है। इससे फसल के नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त करने में मदद मिलेगी। योजना शुरू होने के बाद से मध्य प्रदेश के किसानों को 30 हजार 942 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।