मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि भारत की चुनाव व्यवस्था एक मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था है, जो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। अहमदाबाद में अहमदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन में कंडक्टिंग इलेक्शन इन इंडिया- द लार्जेस्ट डेमोक्रेसी इन द वर्ल्ड विषय पर विशेष व्याख्यान में उन्होंने देश में चुनाव प्रक्रिया के व्यापक स्तर और संचालन की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि करीब 90 करोड़ मतदाताओं और एक करोड़ 80 लाख चुनाव कर्मियों के साथ आम चुनाव कराना विश्व की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के तीन प्रमुख चरण हैं-मतदाता सूची तैयार करना, मतदान और मतगणना। मतदाता सूचियों को सही और पारदर्शी बनाने के लिए 12 लाख बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन करते हैं।
श्री कुमार ने कहा कि राजनीतिक दल चुनाव प्रक्रिया के हर चरण में शामिल होते हैं, जिसमें मॉक पोल भी शामिल हैं। उन्होंने दोहराया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें स्वतंत्र रूप से काम करने वाली मशीनें हैं और किसी बाहरी नेटवर्क से जुड़ी नहीं होतीं। उन्होंने युवाओं से मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने और मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत करती है।