केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण -सीसीपीए, ने स्टोरिया फूड्स एंड बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड और बेक्टर्स फूड स्पेशियलिटीज लिमिटेड पर खाद्य उत्पादों के संबंध में ‘100 प्रतिशत’ शब्द के इस्तेमाल से जुड़े भ्रामक विज्ञापनों और अनुचित व्यापार प्रथाओं के लिए एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने दोनों कंपनियों को अपने उत्पाद पैकेजिंग, वेबसाइटों और सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से इस तरह के दावों को तुरंत हटाने का निर्देश भी दिया है।
सीसीपीए ने कहा कि ‘100 प्रतिशत’ एक सटीक और पूर्ण संख्यात्मक अभिव्यक्ति है और इसका इस्तेमाल लापरवाही से, लगभग या मार्केटिंग स्लोगन के रूप में नहीं किया जा सकता। प्राधिकरण ने आगे कहा कि ऐसा कोई भी दावा उत्पाद की वास्तविक संरचना से बिल्कुल मेल खाना चाहिए। प्राधिकरण ने कहा कि व्यावसायिक लाभ के लिए किए गए अतिरंजित या पूर्ण दावों की अनुमति नहीं दी जा सकती, जहां वे उपभोक्ताओं के सटीक जानकारी और सोच-समझकर चुनाव करने के अधिकार से समझौता करते हैं।