वित्त मंत्रालय के केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड – सीबीआईसी ने आज नई दिल्ली में भारत के अधिकृत आर्थिक संचालक – एईओ कार्यक्रम के दस वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया। एईओ विश्व सीमा शुल्क संगठन के सुरक्षित मानक ढांचे के अंतर्गत चलाया जाने वाला एक कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य वैश्विक व्यापार को सुरक्षित और सुगम बनाना है। यह एक स्वैच्छिक अनुपालन कार्यक्रम है, जो भारतीय सीमा शुल्क विभाग को अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला के प्रमुख हितधारकों के साथ घनिष्ठ सहयोग के माध्यम से माल सुरक्षा को बढ़ाने और सुव्यवस्थित करने में सक्षम बनाता है। इस कार्यक्रम में नीति निर्माता, उद्योगपति, लॉजिस्टिक्स हितधारक, विशेषज्ञ और अधिकृत आर्थिक संचालक कार्यक्रम की उपलब्धियों पर विचार-विमर्श करने और इसके भविष्य के लिए रूपरेखा तैयार करने के लिए एकत्रित हुए।
सभा को संबोधित करते हुए सीबीआईसी के अध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी ने भारत के सीमा शुल्क प्रशासन को विश्व सीमा शुल्क संगठन के सुरक्षित मानक ढांचे के अनुरूप एक आधुनिक, विश्वसनीय और सुगम प्रणाली में रूपांतरित करने में एईओ कार्यक्रम द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। इस समारोह में एईओ कार्यक्रम पर हितधारकों की प्रतिक्रिया जानने के लिए एक सर्वेक्षण भी आयोजित किया गया, ताकि भविष्य के सुधारों के लिए उद्योग जगत से व्यवस्थित सुझाव प्राप्त किए जा सकें। इसमें यह भी कहा गया कि इस स्मारक समारोह में सुरक्षित और अनुपालनपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यापार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के आधार पर चुनिंदा व्यवसायों को नए एईओ प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।