ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा के नेताओं ने संयुक्त बयान में वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों के व्यवस्थित विस्तार के बीच द्वि-राष्ट्र समाधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कल संयुक्त बयान में कहा कि इजरायल-फिलिस्तीन के बीच संघर्ष का द्वि- राष्ट्र सिद्धांत के आधार पर समाधान पश्चिम एशिया और उससे उससे आगे शांति, स्थिरता और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि इजरायली बस्तियों का निरंतर विस्तार शांति के इस दृष्टिकोण के लिए सीधा और तत्काल खतरा है।
तीनों नेताओं ने इजरायली सरकार के ई-1 बस्ती परियोजना को आगे बढ़ाने के नवीनतम निर्णय की निंदा की। उन्होंने बस्ती में रहने वालों की ओर से हिंसा में हुई भारी वृद्धि की भी आलोचना की। उन्होंने यह भी दोहराया कि कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियां अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अवैध हैं। तीनों देशों के नेताओं ने कहा कि वे इजरायली बस्तियों में उत्पादित वस्तुओं के आयात पर प्रतिबंध लगाएंगे और बस्तियों तथा उनसे लाभ कमाने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के विरूद्ध लक्षित कदम उठाएंगे।