भारतीय जनता पार्टी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से एक महीने का सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। यह अभियान प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किया जाएगा। नई दिल्ली में आज संवाददाता सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 7 अक्टूबर को जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करेंगे। प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर 2001 को ही गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इन वर्षों में ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के मंत्र के साथ सेवा की यात्रा को लगातार आगे बढ़ाया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति केवल विकास तक सीमित नहीं रही, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और विरासत भी मजबूत हुई है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने देश को संभाला, उस समय भारत नीतिगत गतिरोध से जूझ रहा था और दुनिया की कमजोर मानी जाने वाली पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत रक्तदान शिविरों के आयोजन से होगी। श्री नवीन ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सेवा ज्योति कलश यात्रा भी निकाली जाएगी, जो गांवों और शहरी क्षेत्रों को जोड़ेगी।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।