मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके कल शाम तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। विभाग ने कल अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
अंडमान सागर, निकोबार द्वीपसमूह तथा बंगाल की खाड़ी के बड़े हिस्सों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक हवाएं चलने की संभावना है। मंगलवार से बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्सों में हवा की गति बढ़कर 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने समुद्र में मौजूद मछुआरों को तुरंत तट पर लौटने की सलाह दी है। साथ ही, कल अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के प्रभावित क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है।
आज राजस्थान और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी व्यक्त की है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा या बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हल्की वर्षा होने का अनुमान है। विभाग ने आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की भी आशंका जताई है।