जून 27, 2026 6:58 अपराह्न | Bangladesh

printer

विश्व बैंक ने बांग्लादेश के लिए 1.10 अरब डॉलर की आपातकालीन वित्तीय सहायता मंजूर की

विश्व बैंक ने बांग्लादेश के लिए एक अरब 10 करोड डॉलर की आपातकालीन वित्तीय सहायता को मंजूरी दे दी है। ईंधन और उर्वरक की बढ़ती कीमतों, सीमित राजकोषीय संसाधनों और खाद्य सुरक्षा की बढ़ती चिंताओं के कारण देश पर आर्थिक दबाव बढ रहा है। इस पैकेज में उर्वरक आयात और चावल उत्पादन को समर्थन देने के लिए 30 करोड़ डॉलर शामिल हैं। नकद सहायता, आजीविका सहायता और आवश्यक ऊर्जा आपूर्ति सहित आपातकालीन व्यय के लिए 71 करोड 30 लाख डॉलर आवंटित किए गए हैं। यह मंजूरी ऐसे समय में दी गई है जब बांग्लादेश लगातार मुद्रास्फीति, विदेशी सहायता में कमी, बढ़ते ऋण भुगतान और कमजोर औद्योगिक गतिविधियों से जूझ रहा है। आलोचकों का कहना है कि इतनी बड़ी आपातकालीन सहायता की आवश्यकता देश की अर्थव्यवस्था की बाहरी झटकों और घरेलू नीतिगत चुनौतियों के प्रति बढ़ती संवेदनशीलता को उजागर करती है। विश्व बैंक ने कहा कि सीमित राजकोषीय संसाधनों के साथ-साथ खाद्य, ईंधन और उर्वरक की बढ़ती कीमतों ने छोटे किसानों और कमजोर परिवारों को बुरी तरह प्रभावित किया है। बांग्लादेश अपनी उर्वरक आवश्यकताओं का 85 प्रतिशत से अधिक आयात करता है। इससे देश वैश्विक मूल्य अस्थिरता के प्रति अत्यधिक संवेदनशील हो जाता है। सरकार ने इस सहायता का स्वागत किया है। विश्लेषकों का कहना है कि बाहरी आपातकालीन वित्तपोषण पर बढ़ती निर्भरता आर्थिक लचीलेपन, राजकोषीय प्रबंधन और आवर्ती संकटों से निपटने के लिए विदेशी ऋणदाताओं पर देश की बढ़ती निर्भरता से संबंधित व्यापक प्रश्न खड़े करती है।