ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों ने सिडनी में अत्यधिक संक्रामक एच 5 एन 1 बर्ड फ्लू के पहले मामले की पुष्टि की है। सिडनी में यह पहला पुष्ट मामला है। अधिकारियों ने पालतू पक्षियों या मकान के पीछे मुर्गियां पालने वाले निवासियों को जंगली पक्षियों के संपर्क से बचने की सलाह दी है। कुत्तों के मालिकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने पालतू कुत्तों को जंगली पक्षियों के शवों को खाने से रोकें।
नॉर्दर्न बीचेस की मेयर सू हीन्स ने और भी मामले सामने आने की चेतावनी दी हैं। संघीय आंकड़ों के अनुसार, बुधवार तक ऑस्ट्रेलिया में बर्ड फ्लू के 468 पुष्ट मामले सामने आए हैं। इनमें न्यू साउथ वेल्स के 20 मामले शामिल हैं। राज्य में व्यावसायिक मुर्गी पालन, बंदी पक्षियों या पशुधन में अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि बर्ड फ्लू मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है, लेकिन यह मनुष्यों सहित स्तनधारियों को भी संक्रमित कर सकता है। मनुष्यों में संक्रमण हल्के से लेकर गंभीर और कुछ मामलों में घातक भी हो सकता है।