नवम्बर 26, 2026 2:34 अपराह्न

printer

इफ्फी में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने ‘द कास्टिंग मैजिक: ऑडिशन्स अनप्लग्ड’ पर मास्टरक्लास आयोजित की

फिल्म महोत्सव के अंतर्गत प्रसिद्ध कास्टिंग डायरेक्टर और फिल्म निर्माता मुकेश छाबड़ा ने पणजी स्थित कला अकादमी में ‘द कास्टिंग मैजिक: ऑडिशन्स अनप्लग्ड’ विषय पर मास्टरक्लास आयोजित की। इस सत्र में श्री छाबड़ा ने फिल्मों के लिए कलाकारों के चयन, ऑडिशन के महत्व और प्रत्येक भूमिका के लिए सही कलाकार तलाशने की प्रक्रिया पर चर्चा की।

उन्होंने रॉकस्टार, बजरंगी भाईजान, दंगल, जवान और धुरंधर जैसी फिल्म में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से नई प्रतिभाओं की पहचान करना और किसी किरदार के लिए निर्देशक की अपेक्षाओं को समझना कितना महत्वपूर्ण है। श्री छाबड़ा ने उभरते कलाकारों को संबोधित करते हुए कहा कि वे किसी कलाकार को नहीं, बल्कि केवल किरदार को महत्‍व देते हैं। उनका काम निर्देशक की कल्पना के अनुरूप कलाकार तलाशना है।

महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने श्री छाबड़ा की सराहना करते हुए कहा कि उनके जैसे लोग फिल्म उद्योग की अनमोल धरोहर हैं। यह मास्टरक्लास इफ्फी के ज्ञान-साझाकरण सत्रों का हिस्सा थी, जिसका विषय ‘स्टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ है।