प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के रणनीतिक संबंधों को नई दिशा मिल रही है। इसी क्रम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के दो प्रमुख शहरों बेंगलुरु और मेलबर्न के बीच तकनीक आधारित भविष्य की तैयारी के लिए एक महत्वपूर्ण नगर स्तरीय साझेदारी शुरू हुई है।
विकेंद्रीकृत कूटनीति की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत मेलबर्न और बेंगलुरु के नगर प्रशासन ने स्मार्ट सिटी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए समझौता किया है।
इस साझेदारी की शुरुआत पिछले वर्ष मेलबर्न के लॉर्ड मेयर और उप लॉर्ड मेयर के नेतृत्व में भारत आए उच्च स्तरीय नगर प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान हुई थी। कई वर्षों बाद यह मेलबर्न का भारत में पहला ऐसा आधिकारिक नगर प्रतिनिधिमंडल दौरा था, जिसमें बेंगलुरु को विशेष रूप से शामिल किया गया। दोनों शहरों के बीच समानताओं और आपसी सहयोग की संभावनाओं को देखते हुए मेलबर्न शहर और बेंगलुरु ने औपचारिक मित्र शहर संबंध स्थापित करने के लिए रणनीतिक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए।
मेलबर्न और बेंगलुरु दोनों को हरित शहरों के साथ-साथ ज्ञान और नवाचार के प्रमुख केंद्रों के रूप में भी जाना जाता है। दोनों शहरों की अर्थव्यवस्था में तकनीक और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका है।
तेजी से विकसित हो रहे महानगरों के रूप में दोनों शहरों के सामने शहरी यातायात, बेहतर नगर प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन से निपटने जैसी समान चुनौतियां हैं।