अगस्त 8, 2026 8:53 अपराह्न | Amarnath Yatra

printer

जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा बालतल और पहलगाम दोनों मार्गों से स्थगित

जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा से जुड़े मार्गों की मरम्मत और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए इस यात्रा को कल से बालतल और पहलगाम दोनों मार्गों से स्थगित कर दिया गया है।

कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने एक बयान में कहा कि हाल ही में हुई बारिश के कारण यात्रा मार्गों के संवेदनशील हिस्सों की मरम्मत और रखरखाव आवश्यक हो गया है, जिसका काम सीमा सड़क संगठन द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए प्रतिकूल मौसम की संभावना व्यक्त की है।

संभागीय आयुक्त ने कहा कि छड़ी मुबारक यात्रा पारंपरिक पहलगाम मार्ग से आगे बढ़ेगी और 28 अगस्त को इस वर्ष की यात्रा का समापन होगा। 57 दिनों की यह वार्षिक यात्रा 3 जुलाई को अनंतनाग जिले के पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के बालतल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी। अब तक चार लाख 80 हजार से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं।