अगस्त 18, 2026 7:42 अपराह्न

printer

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वैश्विक मानकों के अनुरूप कृषि उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में ऐसे कृषि उत्पाद तैयार किए जाने चाहिए, जो वैश्विक बाजार के मानकों पर खरे उतरें। उन्होंने कहा कि इसके लिए किसानों को आधुनिक तकनीक और नए कृषि उपकरणों की जानकारी देना जरूरी है। श्री चौहान आज नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-आईसीएआर की 97वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कृषि उत्पादों को खेत से वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का आह्वान किया है।

श्री चौहान ने भारतीय कृषि क्षेत्र की प्रगति पर खुशी जताते हुए कहा कि गेहूं और चावल की सालाना पैदावार में करीब दोगुनी वृद्धि हुई है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में बदलाव के लिए किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के योगदान की सराहना की। कृषि सुधारों का उल्‍लेख करते हुए श्री चौहान ने जलवायु अनुकूल बीजों की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने आईसीएआर से इस दिशा में शोध करने और राज्यों से मिले सुझावों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाने को कहा।