केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के किसानों को आश्वासन दिया है कि केंद्र सरकार उनके हितों से कोई समझौता नहीं करेगी और किसी भी देश के साथ किए गए हर समझौते में किसानों के कल्याण को सर्वोपरि रखा जाएगा।
आज अमृतसर जिले के बाबा बकाला में रखार पुण्य कार्यक्रम के दौरान किसानों और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी समेत विपक्षी दल यह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि केंद्र सरकार किसानों के हितों के खिलाफ समझौते कर रही है, लेकिन ऐसा नहीं है। श्री चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसानों को उसकी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले।
केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से पंजाब सरकार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू न करने के लिए जिम्मेदार ठहराया, जिसके अंतर्गत राज्य में पिछले वर्ष आई बाढ़ से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा सकता था। उन्होंने कहा कि देश के 23 राज्यों ने यह योजना लागू कर दी है, लेकिन पंजाब सरकार ऐसा करने में विफल रही है।
श्री चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब और उसके किसानों की प्रगति के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि विकसित पंजाब के बिना भारत विकसित भारत नहीं बन सकता।
श्री चौहान ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों पर किसानों और आम जनता के कल्याण के लिए ठोस कार्य करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था और नशीली दवाओं के खतरे के लिए राज्य सरकार की आलोचना भी की।