आंध्र प्रदेश के गुंटूर ज़िले के विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज उपराष्ट्रपति भवन में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाक़ात की। गरीब और वंचित पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को शैक्षणिक दौरे पर दिल्ली लाने की पहल की सराहना करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि ऐसी यात्राओं से विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर सीखने और उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में मदद मिलती है।
बातचीत के दौरान, उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपनी वर्तमान आर्थिक स्थिति से निराश न हों। उन्होंने कहा कि शिक्षा उन्हें अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सशक्त बनाएगी। उपराष्ट्रपति ने कहा कि सरकारी स्कूलों को अधिक महत्व दिया जाना चाहिए और उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने सांसदों और विधायकों से भी सरकारी स्कूलों के सुधार और उन्हें मज़बूत बनाने पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
श्री राधाकृष्णन ने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि दिल्ली की शैक्षिणिक यात्रा पर आए 41 सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों में 27 छात्राएँ शामिल थीं, जो देश में ‘नारी शक्ति’ की बढ़ती ताकत को दर्शाता है। उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को हमेशा तीन सिद्धांतों को याद रखने की सलाह दी: पूरी ईमानदारी से कड़ी मेहनत करना, सफलता मिलने पर भी विनम्र बने रहना, और अपने ज्ञान का उपयोग समाज के कल्याण के लिए करना।