कोलकाता पुलिस ने न्यू मार्केट इलाके में मिर्जा ग़ालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में लगी आग में नौ लोगों की मौत की जांच के लिए एक विशेष जांच दल – एसआईटी का गठन किया है। सात सदस्यीय एसआईटी का नेतृत्व डीसीडीडी स्पर्श नीलांगी कर रहे हैं। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। सोलह घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उद्योग मंत्री तापस रॉय और नगर निगम तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आज सुबह घटनास्थल का दौरा किया। अग्निमित्रा पाल ने बताया कि त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई के बाद लगभग 80 लोगों को बचाया गया।
अग्निशमन सेवा मंत्री कौशिक चौधरी ने घटना के संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात की है। फोरेंसिक विशेषज्ञों के आज घटनास्थल का दौरा करने की उम्मीद है। होटल प्रबंधक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, मालिक का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
आज सुबह करीब दो बजे एक दमकल स्टेशन के पास स्थित पांच मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ऐसे होटलों का इस्तेमाल अक्सर अन्य राज्यों और विदेशी देशों के लोग करते हैं जो चिकित्सा के लिए कोलकाता आते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता अग्नि दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। उन्होंने इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।