सेमीकॉन इंडिया-2026 का पांचवां संस्करण अगले महीने की 17 तारीख से नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। तीन दिन के इस सम्मेलन में 40 से अधिक देशों की 500 से अधिक प्रदर्शक और करीब 240 कंपनियां हिस्सा लेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वे अमरीका, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, जर्मनी, नीदरलैंड और मलेशिया की प्रमुख कंपनियों के वैश्विक सीईओ के साथ एक राउंडटेबल बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया, जर्मनी और नीदरलैंड के छह अंतरराष्ट्रीय पवेलियन होंगे। उन्होंने बताया कि सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन के पांचवें संस्करण की थीम सिलिकॉन से सिस्टम, इकोसिस्टम का निर्माण है। इसका उद्देश्य सेमीकंडक्टर क्षेत्र में नवाचार और विकास को बढ़ावा देने के लिए संवाद और सहयोग का मंच उपलब्ध कराना है। मंत्रालय के अनुसार, सम्मेलन में सेमीकंडक्टर उद्योग में महिलाओं के सशक्तिकरण और महिला नेतृत्व पर भी एक सत्र आयोजित किया जाएगा।