नेपाल के भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ से अब तक 105 भारतीयों और 37 प्रवासी भारतीयों सहित करीब 500 लोग लापता हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 46 शव बरामद किए गए हैं और 93 लोगों को बचाया गया है। लापता लोगों में विदेशी पर्यटक और नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। इनमें ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, अमरीका, मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के नागरिक भी हैं। अधिकांश भारतीय और प्रवासी भारतीय तिब्बत में कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए जा रहे थे।
अचानक आई बाढ़ से रसुवा तथा धादिंग जिले प्रभावित हुए। बाद में इसका असर नुवाकोट और चितवन तक जा पहुंचा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप के कारण हिमस्खलन हुआ, जिससे पिघली बर्फ का पानी भोटेकोशी नदी में आने से अचानक बाढ़ आई। बाढ़ से रसुवा क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राहत और बचाव दल द्वारा राहत-बचाव अभियान जारी है।
पर्यटकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए पर्यटन बोर्ड ने टोल-फ्री नंबर 1 2 3 4, हेल्पलाइन 1 1 4 4 और टूरिस्ट पुलिस नंबर 9 8 5 1 2 8 9 4 4 5 जारी किए हैं। बोर्ड ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों से प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा और चितवन के प्रभावित क्षेत्रों के सांसदों के साथ स्थिति पर चर्चा की।
इससे पहले प्रधानमंत्री शाह ने राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन परिषद की बैठक बुलाई थी।