हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शिलाई तहसील के कफोटा के पास खनन क्षेत्र में आज शाम हुए भूस्खलन में तीन मजदूरों की मृत्यु हो गई। सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि मृतकों में दो नेपाल मूल के और एक स्थानीय निवासी शामिल है। राहत और बचाव कार्य जारी है। सिरमौर जिले में ही नाहन विधानसभा क्षेत्र के मटर स्कूल के 52 विद्यार्थी और 12 कर्मचारी तेज बारिश के कारण कई घंटे से फंसे हुए हैं। उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन के द्वारा राहत और बचाव अभियान जारी है। कुछ विद्यार्थियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
वहीं, सोलन जिले में भूस्खलन के कारण शिमला-कालका रेल लाइन पर रेल यातायात रोक दिया गया है। तेज बारिश से ओल्ड कसौली रोड पर टकसाल क्रॉसिंग के पास जलभराव होने से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में मूसलाधार बारिश लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शिमला, मंडी और सिरमौर में भी तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।