हरियाणा में महिलाओं के विरूद्ध हिंसा के उन्मूलन के लिए आज मनाए गए अंतरराष्ट्रीय दिवस पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग व सरस्वती महिला महाविद्यालय की ओर से पलवल स्थित सरस्वती महिला महाविद्यालय में दो दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार का शुभारंभ हरियाणा राज्य मानवाधिकार आयोग के सदस्य और पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष दीप भाटिया ने किया। सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य संगठित और असंगठित कार्य क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं की स्थिति, उनके अधिकारों, कार्यस्थल पर समानता, सुरक्षा, गरिमा तथा श्रम अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है।
उन्होंने महिलाओं से अपने अंदर आत्मविश्वास और जागरूकता लाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में काम कर रही हैं, ऐसा कोई भी कार्य नहीं है, जिसे वे नहीं कर सकतीं। महिलाओं ने वकालत से लेकर देश सेवा तक, महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दिया है।
उन्होने कहा कि सरकार और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बनाए गए कानूनों में महिलाओं को विशेष अधिकार और संरक्षण प्रदान किए गए हैं।