सऊदी अरब ने राजधानी रियाद, पूर्वी प्रांत और दक्षिणी क्षेत्रों में चार ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया है। सऊदी अरब सरकार के अनुसार, देश में हूती विद्रोहियों के हमले जारी हैं। एक अन्य घटना में, सऊदी अरब के नजरां क्षेत्र में तकनीकी खराबी के कारण एक टोही हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक दल के दो सदस्य मारे गए।
इस बीच, मिस्र सरकार सऊदी अरब को रक्षा सहायता देने पर चर्चा करने की तैयारी कर रही है। इस सिलसिले में, आज मिस्र में संसद का आपातकालीन सत्र हो रहा है।
यमन में, हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइल हमले की जिम्मेदारी ली थी। दो मिसाइलें हवाई अड्डे के परिसर में गिरीं। उस समय यमेनिया एयरवेज का एक विमान काहिरा के लिए उड़ान भरने वाला था। यमन के सूचना मंत्री ने कहा कि यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं।
उधर, ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन एजेंसी ने कहा है कि संयुक्त अरब अमीरात के खोर फक्कन के पास दक्षिण की ओर जा रही एक टगबोट पर दो अज्ञात गोले दागे गए। इसमें एक व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। यमन के मुकाला के पास एक एलएनजी टैंकर पर भी गोलीबारी किए जाने की सूचना है।