महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि भारत-अमरीका साझेदारी को अब पारंपरिक व्यापार और निवेश से आगे बढ़कर साझा निवेश, सहयोगी नवाचार तथा सहभागी विकास और निर्माण की दिशा में बढ़ना चाहिए। वे आज मुंबई में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने अमरीकी कंपनियों को अपने राज्य में आमंत्रित करते हुए कहा कि वे महाराष्ट्र को भारतीय और वैश्विक विकास के लिए एक मंच के रूप में इस्तेमाल करें। श्री फडणवीस ने राज्य की प्रतिभा, बुनियादी ढांचे, बाजारों, प्रौद्योगिकी और वैश्विक सम्पर्क बढाने पर बल दिया।
भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने इस अवसर पर कहा कि वर्ष 2030 तक दोनों देशों के द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य आपसी साझेदारी की “बेमिसाल क्षमता” को दर्शाता है।