सितम्बर 21, 2025 10:09 अपराह्न

printer

भारत में हवाई अड्डों को सतर्क रहने को कहा गया

भारतीय हवाई अड्डों ने अभी तक विभिन्‍न यूरोपीय हवाई अड्डों पर उपयोग की जाने वाली कोलिन्स एयरोस्पेस प्रणाली पर हुए साईबर हमलों से सम्‍बंधित किसी तरह के प्रतिकूल असर का सामना नहीं किया है। इलेक्‍ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि दिल्‍ली हवाई अड्डे पर भी कोलिन्‍स म्‍यूज सॉफ्टवेयर का इस्‍तेमाल किया जाता है।

 

मंत्रालय ने कहा कि अभी तक विमान परिचालन पर कोई असर नहीं हुआ है। सरकार ने बताया कि यूरोपीय साईबर हमलों की खबर आने के बाद भारत में इसकी तत्‍काल जांच की गई। भारत में इन हमलों का कोई असर नहीं हुआ है लेकिन हवाई अड्डों को सतर्क रहने को कहा गया है।

 

इस बीच, हवाई अड्डों पर उपयोग की जाने वाली कोलिन्स एयरोस्पेस प्रणाली पर साईबर हमले के बाद लंदन के हीथ्रो, बर्लिन और यूरोप के कई अन्‍य हवाई अड्डों के विमान परिचालन में बाधा उत्‍पन्‍न हुई है। इस साइबर हमले ने चेक-इन और बैगेज सिस्‍टम को बाधित कर दिया है। इस साइबर हमले से प्रभावित हवाई अड्डों पर पेन और पेपर का उपयोग करके यात्रियों को बोर्डिंग कराया जा रहा है।

 

ब्रसेल्‍स हवाई अड्डे ने बताया कि इसे अभी तक सिस्‍टम के फिर से सक्रिय होने का कोई संकेत नहीं मिला है। ब्रसेल्‍स हवाई अड्डे ने सभी एयरलाइन्‍स को प्रस्‍थान करने वाले अपने आधे विमानों को रद्द करने को कहा है। सॉफ्टवेयर प्रदाता आरटीएक्‍स कोलिन्स एयरोस्पेस का मालिक है। आरटीएक्‍स ने बताया कि वह चयनित हवाई अड्डों में अपनी प्रणाली पर साइबर हमलों से उत्‍पन्‍न बाधा को लेकर अवगत है। आरटीएक्‍स जल्‍द से जल्‍द इस मुद्दे को सुलझाने की उम्‍मीद करती है।