जुलाई 27, 2026 1:44 अपराह्न

printer

पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ बल प्रयोग न करने की अपील: यूकेपीएनपी

यूनाइटेड कश्मीर पीपल्स नेशनल पार्टी ने आज पाकिस्तानी अधिकारियों से पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर में रावलकोट से मुज़फ़्फ़राबाद तक जॉइंट अवामी एक्शन समिति द्वारा आयोजित मार्च में शामिल शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ बल प्रयोग न करने की अपील की। संगठन ने कहा कि पाकिस्‍तान के कब्ज़े वाले इलाके में जारी अशांति के बीच 5 जून से अब तक 40 से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है। संगठन ने संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ, अमरीका, ब्रिटेन, रूस और व्यापक अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर में नागरिकों की सुरक्षा और गंभीर स्थिति के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों का समर्थन करें।
 
दूसरी ओर, मौलिक आज़ादी को दबाने की आलोचना के बीच पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। हालांकि, जॉइंट अवामी एक्शन समिति ने मतदान के पहले दौर के कुछ ही घंटों के भीतर सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए गंभीर गड़बड़ियों की ओर इशारा किया। समिति ने कहा कि चुनाव से पहले ही मीरपुर संभाग में धांधली और गड़बड़ी के संकेत दिखने लगे थे। उन्होंने बताया कि कोटली के कई पोलिंग स्टेशनों पर सुबह 8 बजे मतदान शुरू होना था, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद भी कई जगहों पर न तो आधिकारिक तौर पर वोटिंग शुरू हुई और न ही वोट डालने वाले लोग कहीं दिखाई दिए।