नवम्बर 3, 2026 6:18 अपराह्न

printer

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने संत परमानंद अस्पताल में नए आई.वी.एफ सेंटर का किया उद्घाटन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सिविल लाइन्स स्थित संत परमानंद अस्पताल में नए आई.वी.एफ सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दिल्लीवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें ताकि बीमारी से बचाव को प्राथमिकता दी जा सके।
 
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान संत परमानंद अस्पताल के सभी डॉक्टर, कर्मचारी और प्रबंधन सदस्य ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्‍होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटें 595 से बढ़ाकर 820 और पीजी सीटें 553 से बढ़ाकर 762 की जा रही हैं। साथ ही द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में 800 करोड़ रुपये के अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज विकसित किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 1,200 से अधिक नर्सों और 954 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है और चार हजार से अधिक नए पद स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। दिल्ली में एक करोड़ से अधिक आभा आईडी बनाई गई हैं और 38 सरकारी अस्पतालों में डिजिटल स्‍वास्‍थ्‍य प्रबंधन प्रणाली लागू किया गया है। उन्‍होंने बताया कि नवजात शिशुओं की 56 तरह की मुफ्त जांच, 10,000 मुफ्त कैंसर स्क्रीनिंग और 9 से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए मुफ्त एचपीवी टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। 
 
वहीं, संत परमानंद अस्पताल में विकसित इस आईवीएफ सेंटर में आधुनिक प्रजनन चिकित्सा सुविधाओं के साथ आईवीएफ और आईसीएसआई (इंट्रासाइटोप्लाज्मिक स्पर्म इंजेक्शन) जैसी उन्नत तकनीकों से उपचार की व्यवस्था की गई है। अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेष देखभाल सुविधाओं से लैस इस सेंटर का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को माता-पिता बनने का सपना पूरा करने में मदद करना है।