वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि सरकारी ई-मार्केटप्लेस- जैम पोर्टल उचित गुणवत्ता, उचित मूल्य और उचित समय पर सही उत्पाद की खरीद दर्शाता है। श्री गोयल ने कल नई दिल्ली में जैम पोर्टल के 10वें स्थापना दिवस पर कही। उन्होंने कहा कि जैम के आने से पहले सरकारी पैसे का गलत इस्तेमाल हो रहा था, खरीद में पारदर्शिता नहीं थी और अच्छे सुशासन की कमी थी।
श्री गोयल ने कहा कि जैम पोर्टल के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक ऑर्डर से बीस लाख करोड़ रुपये से अधिक के सामान और सेवाओं की खरीद में सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि पहले आठ वर्ष में दस लाख करोड़ रुपये की खरीद हुई, जबकि अगले दस लाख करोड़ रुपये की खरीद केवल दो वर्ष में हुई। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि दो लाख 25 हज़ार से अधिक महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों ने इस पोर्टल के माध्यम से लगभग एक लाख करोड़ रुपये के ऑर्डर प्राप्त किये हैं। उन्होंने कहा कि 42 हज़ार से अधिक स्टार्ट-अप्स ने सरकारी उद्यमों के साथ लगभग 66 हज़ार करोड़ रुपये का कारोबार किया है। श्री गोयल ने बताया कि जैम पोर्टल को नया स्वरूप दिया जा रहा है।
केन्द्रीय मंत्री ने आज खरीदारों और विक्रेताओं की सहायता के लिए हेल्पडेस्क का एक विशेष देशव्यापी पाँच-अंक वाला शॉर्ट कोड 1-4-5-5-0 जारी किया।