जनवरी 9, 2026 3:34 अपराह्न

printer

जर्मनी चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ दो दिवसिय भारत यात्रा पर आएंंगे, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर चांसलर मर्ज़ 12 और 13 जनवरी को भारत की यात्रा पर आएंगे। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

दोनों नेता साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे और साबरमती नदी तट पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे। इसके बाद गांधीनगर के महात्मा मंदिर में द्विपक्षीय वार्ता होगी।

दोनों नेता भारत- जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। दोनों देशों के बीच हाल ही में रणनीतिक साझेदारी को 25 वर्ष पूरे हुए हैं। बैठक के दौरान व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास और गतिशीलता के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान, हरित और सतत विकास तथा लोगों के बीच संबंधों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी विमर्श होगा। प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज़ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे और दोनों देशों के व्यापार तथा शीर्ष उद्योगपतियों से बातचीत करेंगे।