इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने आपसी साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में प्रगति की समीक्षा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। श्री नेतन्याहू ने कल श्री मोदी की सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में यह बात कहीं। बृहस्पतिवार को टेलीफोन पर बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-इस्राएल विशेष रणनीतिक साझेदारी के क्षेत्र में प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। श्री नेतन्याहू के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी ने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ फरवरी में इस्राएल की दो दिन की यात्रा की थी।