भारत और श्रीलंका ने विद्युत क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग पर कल नई दिल्ली में समीक्षा बैठक की। बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय विद्युत और आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने किया। श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पत्तन और नागर विमानन तथा ऊर्जा मंत्री अनुरा करुणथिलाके ने किया।
दोनों मंत्रियों ने प्रस्तावित भारत-श्रीलंका हाई वोल्टेज डायरेक्ट करंट इंटरकनेक्शन और संपूर सौर ऊर्जा परियोजना समेत विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सीमा पार बिजली व्यापार, नवीकरणीय ऊर्जा, पारेषण बुनियादी ढांचा और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने बिजली क्षेत्र में मौजूदा द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करते हुए सतत विकास और क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा के लिए सहयोग और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।