अगस्त 30, 2026 7:32 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान पर दी बधाई

केंद्रीय मंत्रियों ने उज्‍़बेकिस्‍तान का सर्वोच्‍च राष्‍ट्रीय सम्‍मान ओली दराजली दुस्‍तलिक मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को बधाई दी है।

सोशल मीडिया पोस्‍ट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्‍मान प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्‍व और भारत तथा उज्‍़बेकिस्‍तान के बीच चिरस्‍थाई मैत्री को प्रगाढ करने के सतत प्रयासों का प्रमाण है। उन्‍होंने कहा कि इससे भारत की बढती वैश्विक हैसियत, बढते प्रभाव और सशक्‍त साझेदारियों की गौरवमयी पुष्टि होती है जो दुनियाभर में भारत हासिल कर रहा है।

गृह मंत्री अमित शाह ने इसे प्रत्‍येक भारतीय के लिए गौरव का क्षण बताया क्‍योंकि श्री मोदी के कूटनीतिक सिद्धांतों से नये मार्ग खुल रहे हैं, वे ग्‍लोबल साउथ की आवाज बन रहे हैं और विभिन्‍न देशों के बीच रिस्‍ते मजबूत करने के जरिये मानवता के कल्‍याण के भारतीय सभ्‍यतागत लक्ष्‍य आगे बढ रहे हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि यह दोनों देशों की मित्रता को प्रगाढ करने के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के चिरस्‍थाई प्रयासों का सम्‍मान है। उन्‍होंने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि इस सम्‍मान के साथ श्री मोदी की एतिहासिक यात्रा दोनों देशों के सम्‍बंधों को नई गति प्रदान करेगी।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि इस सम्‍मान से दोनों देशों के सम्‍बन्‍धों को प्रगाढ करने के  प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रयासों और भारत की बढती वैश्विक स्थिति का पता चलता है।

स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि यह एक सौ चालीस करोड भारतीयों के लिए गौरव का क्षण है। उन्‍होंने कहा कि यह भारत और उज्‍़बेकिस्‍तान के बीच चिरस्‍थाई मित्रता का भी प्रमाण है। श्री नड्डा ने कहा कि ओली दराजली दुस्‍तलिक श्री मोदी का 35वां वैश्विक सम्‍मान है। इससे पता चलता है कि उनके नेतृत्‍व को दुनियाभर में सराहना मिल रही है। इससे वैश्विक शांति और विकास के लिए श्री मोदी की प्रतिबद्धता का भी पता चलता है।