कृषि और किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में दोनों मंत्रालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शक्ति की सप्तधारा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी भी मौजूद रहे।
श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शक्ति की सप्तधारा के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का स्पष्ट रोडमैप दिया है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने विभागों के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करने और उन्हें पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश को कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता पर भी ध्यान देना होगा, जिससे भारतीय किसानों के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि को वैश्विक बाजार से जोड़ना समय की जरूरत है।
श्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए तीन करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। अब छह करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विकसित गांवों के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। श्री चौहान ने जल सुरक्षा, नदियों के पुनर्जीवन, भूमि संसाधनों के संरक्षण और ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों में तेजी लाने पर भी बल दिया।