स्वापक नियंत्रण ब्यूरो-एनसीबी ने राज्य पुलिस के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में करीब 15 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं बरामद की गई हैं और चार नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। एनसीबी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 14 किलोग्राम से अधिक एम्फेटामाइन, 67 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन, कोकीन और हेरोइन बरामद की गई। एनसीबी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
एनसीबी ने बताया है कि सितंबर के पहले सप्ताह में राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की पुलिस तथा आव्रजन अधिकारियों के साथ मिलकर ‘त्रिनेत्र’ नाम से दो सप्ताह का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान में भारत में अवैध रूप से रह रहे और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान की जाएगी।