उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आज संत कबीर नगर में पार्टी संगठन के पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बूथ से लेकर मंडल स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत करने और विशेष गहन पुनरीक्षण- एसएसआर अभियान की समीक्षा पर चर्चा हुई।
वहीं, कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने कल विधानसभा की पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने सहारनपुर से आशु मलिक, सहारनपुर जिले की बेहट सीट से उमर अली, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है।
इस बीच, आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से कल लखनऊ में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। गठबंधन बनने के बाद दोनों दलों की यह पहली संयुक्त रैली होगी।