मार्च 18, 2024 8:45 पूर्वाह्न

printer

अरब सागर में पकड़े गए 35 सोमाली समुद्री-डाकुओं को भारत लाया जा रहा है

अरब सागर में चले चालीस घंटों के अभियान के बाद पकड़े गए 35 समुद्री डाकुओं को भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस कोलकाता से भारत लाया जा रहा है।

नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस कोलकाता ने 35 समुद्री डाकुओं को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने कहा कि एक बड़े अभियान में छुड़ाए गए चालक दल के 17 सदस्‍यों के साथ इन समुद्री डाकुओं को भारत लाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान भारतीय नौसेना ने समुद्री डाकुओं को आत्‍मसमर्पण करने के लिए बाध्‍य कर दिया।

शनिवार को नौसेना ने संकटग्रस्‍त व्‍यापारी जहाज एमवी रूएन पर इन समुद्री डाकुओं के गिरफ्त से चालक दल के 17 सदस्‍यों को छुड़ाया। व्‍यापारी जहाज को भी भारत लाया जा रहा है। व्‍यापारी जहाज एमवी रूएन की समुद्री क्षमता का कल मूल्‍यांकन किया गया था। इस व्‍यापारी जहाज पर लगभग एक करोड़ डॉलर की लागत के लगभग 37 हजार आठ सौ टन के अनुमानित माल लदा है।

शनिवार को आईएनएस कोलकाता ने अरब सागर में मिशन की शुरुआत की। इसके तहत नौसेना ने समुद्री डाकुओं के जहाज को रोककर इस क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को अपहरण करने के सोमाली समुद्री डाकुओं के मंसूबों को विफल कर दिया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला