सामाजिक फीड

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

September 16, 2026 8:00 AM

समाचार प्रभात

printer

मुख्‍य समाचार :-

  1. सरकार ने कहा- लोगों के बीच किसी भी राशि के यूपीआई लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।

  2. महाराष्ट्र सरकार ने 2025-26 पेराई सत्र में किसानों के लंबित भुगतान के लिए चीनी मिलों को रियायती ऋण देने का निर्णय लिया।

  3. दिल्ली सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के लिए मासिक प्रोत्साहन राशि तीन हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये करने की घोषणा की; राष्ट्रीय राजधानी के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 10 हजार छात्रों के लिए छात्रावासों का निर्माण भी स्‍वीकृत।

  4. भारत-अमरीका संयुक्त युद्ध अभ्यास उत्तराखंड के औली और राजस्थान के महाजन रेंज में शुरू।

  5. न्‍यूजीलैंड संसद ने भारत के साथ मुक्‍त व्‍यापार समझौते को लागू करने का विधेयक पारित किया।

  6. भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट मैच में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई।

    *******

 

सरकार ने कहा है कि लोगों के बीच सामान्‍य रूप से किसी भी राशि के यूपीआई लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि छोटे व्यापारियों के लिए शून्य व्‍यापारी छूट दर के अंतर्गत लेनदेन के साथ-साथ व्यापारियों को दो हजार रुपये तक के भुगतान भी मुफ्त रहेंगे।

 

इसके परिणामस्वरूप सभी व्यक्ति-से-व्यापारी लेनदेन का लगभग 96 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित नहीं होगा। छूट दर केवल दो हजार रुपये से अधिक के निर्दिष्ट व्यापारी लेनदेन पर ही लागू होगी।

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि कुल छूट दर संग्रह के 5 प्रतिशत से छोटे व्यापारियों को यूपीआई के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित कोष स्थापित किया जाएगा।

 

वित्त मंत्रालय ने कहा कि यूपीआई शुल्क केवल दो हज़ार रुपये से अधिक के व्यक्ति से व्यापारी यानि पी2एम लेनदेन पर लागू होगा। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यूपीआई ऐप उपलब्ध कराने वाली कंपनियां किसी भी तरह का प्लेटफॉर्म शुल्क नहीं लगा सकती हैं। मंत्रालय ने बैंकों को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी है कि व्यापारी यूपीआई भुगतान पर लगने वाला मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानि एमडीआर का शुल्क ग्राहकों से न वसूलें। दो हज़ार रुपये से अधिक के पी2एम लेनदेन पर शून्य दशमलव चार प्रतिशत की सामान्य एमडीआर लगेगी। वहीं 75 हज़ार रुपये या उससे अधिक के बड़े लेनदेन पर एमडीआर शुल्क अधिकतम 300 रुपये प्रति लेनदेन होगी। वहीं व्यक्ति से व्यक्ति व्यापारी पी2पी-एम श्रेणी के तहत यूपीआई क्यूआर कोड के माध्यम से हर महीने एक लाख तक प्राप्त करने वाले छोटे व्यापारियों को सभी लेनदेन पर अनिवार्य रूप से शून्य एमडीआर की सुविधा जारी रहेगी। इसके अलावा व्यक्तियों के लिए मुफ्त यूपीआई लेनदेन पर कोई मासिक सीमा, लेनदेन की संख्या की सीमा या अलग-अलग शुल्कों के आधार पर कोई कैप नहीं है। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*******

 

गन्‍ना किसानों और चीनी मिलों को राहत देने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने किसानों के वर्ष 2025-26 के पेराई सत्र में बकाया और लाभकारी मूल्य के भुगतान के लिए सस्ता कर्ज देने का निर्णय लिया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि यह निर्णय कल मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

 

सहकारी चीनी मिलों के लिए लगभग 750 करोड़ रुपये के सॉफ्ट लोन की मंजूरी देने का निर्णय कल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इन ऋणों पर लगने वाले ब्याज का वहन करेगी। श्री फडणवीस ने कहा कि इस कदम से सहकारी चीनी मिलें मौजूदा गन्ना पेराई सत्र के लिए काम शुरू कर सकेंगी और गन्ने की खरीद कर सकेंगी, जिससे मिलों और किसानों दोनों को लाभ होगा। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में गन्ना किसानों को एफआरपी का लगभग 99 दशमलव 5 प्रतिशत भुगतान हो चुका है और एफआरपी भुगतान के मामले में महाराष्ट्र देश में पहले स्थान पर है। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

*******

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्‍य मंत्रिमंडल ने 26 हेक्टेयर बंजर भूमि केंद्रीय गृह मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित करने को मंजूरी दी है। हमारे संवाददाता ने बताया कि यह भूमि अयोध्या की मिल्कीपुर तहसील में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के क्षेत्रीय केन्द्र की स्थापना के लिए दी गई है –

 

मंत्रिमंडल के निर्णयों के बारे में जानकारी देते हुए वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख सांस्कृतिक, धार्मिक और रणनीतिक केंद्र के रूप में उभरा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशिष्ट अतिथि और पर्यटक लगातार वहां आ रहे हैं। ऐसे में इस इलाके की सुरक्षा संवेदनशीलता काफी बढ़ गई है। खन्ना ने कहा कि इस क्षेत्रीय केंद्र के माध्यम से अयोध्या में एनएसजी की तैनाती स्थाई तौर पर जरूरी हो गई है। एनएसजी केंद्र की स्थापना राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अयोध्या में किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से निपटने में सहायता करने के उद्देश्य से की जा रही है। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

 

*******

दिल्ली सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के लिए निर्धारित मासिक प्रोत्साहन राशि तीन हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये कर दी है। 

 

यह फैसला कल नई दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में लिया गया।

 

मु्ख्यमंत्री कहा कि मासिक प्रोत्साहन राशि में वृद्धि आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को मान्यता देने और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुश्री गुप्ता ने कहा कि इससे उनके काम के प्रति उत्साह बढ़ेगा और उन्हें अपनी सेवाएं जारी रखने में मदद मिलेगी। वर्तमान में दिल्ली में छह हजार 725 आशा कार्यकर्ता कार्यरत हैं। आम तौर पर, प्रत्येक आशा कार्यकर्ता लगभग दो हजार लोगों या 400 परिवारों से जुड़ी होती है।इस बीच, दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले 10 हज़ार छात्रों के लिए छात्रावास बनाने का भी निर्णय लिया है। अक्षित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

*******

 

भारत-अमरीका संयुक्त सैन्य ‘युद्ध अभ्यास’ के 22वें संस्करण का उद्घाटन समारोह उत्तराखंड के औली में आयोजित किया गया। औली प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इस समारोह में दोनों सेनाओं के 600-600 सैनिकों ने भाग लिया। हमारी संवाददाता ने बताया कि अभ्यास औली के साथ राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भी आयोजित किया जा रहा है।

 

इस अभ्यास का उद्देश्य पर्वतीय और अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में संयुक्त सैन्य अभियानों के लिए दोनों सेनाओं की क्षमता बढ़ाना है। इसमें पैदल सेना आधारित अभियानों पर विशेष जोर दिया जाएगा। अभ्यास के दौरान दोनों सेनाएं परिचालन पद्धतियों का आदान-प्रदान करेंगी और संयुक्त योजना एवं संचालन को मजबूत करेंगी। प्रशिक्षण में निगरानी और टोही के लिए ड्रोन तथा स्वायत्त प्रणालियों का उपयोग किया गया है। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आधुनिक हथियार प्रणालियों का प्रदर्शन भी होगा। दोनों सेनाओं के विशेषज्ञ उभरती तकनीकों और बहु-क्षेत्रीय युद्ध से जुड़े विकास पर विचार भी साझा करेंगे। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

 

*******

 

कृषि और किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बिहार जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर श्री चौहान राज्‍य में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करेंगे और प्रभावित किसानों और परिवारों से भेंट करेंगे।

 

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने दौरे की शुरुआत पटना के दीघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित इलाकों के हवाई सर्वेक्षण से करेंगे। इसके बाद वे हाजीपुर के तरसिया और सरायपुर गांवों का दौरा करेंगे। पटना में श्री चौहान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में बाढ़ की स्थिति, आपदा प्रबंधन, राहत और बचाव कार्यों तथा प्रभावित किसानों को दी जा रही सहायता की समीक्षा की जाएगी। बिहार में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, राज्य के 15 जिलों में लगभग पचास लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अभिषेक दास, आकाशवाणी समाचार, पटना।

 

*******

 

न्यूजीलैंड की संसद ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता लागू करने का विधेयक पारित कर दिया है। इससे दोनों देशों के बीच शुल्क में भारी कटौती और व्यापार विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। एक रिपोर्ट…

 

इस विधेयक को विपक्षी लेबर पार्टी के समर्थन से पारित कर दिया गया। विधेयक के पक्ष में 93 और विरोध में 29 वोट पडे। न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा कि इस समझौते से निर्यातकों को तत्काल और बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उच्च स्तरीय व्यापार समझौता इस वर्ष के अंत तक लागू हो जाएगा। इस समझौते के तहत, भारत के लिये न्यूजीलैंड के लगभग 95 प्रतिशत निर्यात पर शुल्क को या तो समाप्त कर दिया जाएगा या काफी कम कर दिया जाएगा। इस समझौते के दायरे में आने वाले आधे से अधिक उत्पाद, समझौता लागू होने के पहले दिन से ही शुल्क मुक्त हो जाएंगे। इसके साथ ही, सभी भारतीय सामान न्यूजीलैंड के बाजार में शुल्क मुक्त मिलेंगे। न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब अमरीकी डॉलर का निवेश करने पर भी सहमति जताई है। समाचार कक्ष से अमीषा।

 

*******

 

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने कहा है कि, भारत में अपनी मजबूत आर्थिक नींव, निजी क्षेत्र की गतिशीलता और बढ़ती तकनीकी क्षमताओं के बल पर वैश्विक विकास को गति देने की क्षमता है। कोष. के उप प्रबंध निदेशक नाइजेल क्लार्क ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताया है। उन्होंने यह बयान भारत की पांच दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद जारी किया है। अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा और नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिरी से मुलाकात की थी।

 

*******

 

अमरीकी सरकार यूरोप और मध्य पूर्व देशों को दी जाने वाली करोड़ों डॉलर की सैन्य सहायता में कटौती कर मध्य और दक्षिण अमरीकी सरकारों को देगी।

 

अमरीकी विदेश मंत्रालय ने बताया कि स्लोवाकिया, उत्‍तरी मैसेडोनिया, ट्यूनीशिया और इराक के लिए स्वीकृत 5 करोड़ 20 लाख डॉलर की सैन्य सहायता पनामा, पेरू, इक्वाडोर और कोलंबिया को दी जाएगी। मंत्रालय के अनुसार, इस धनराशि का उपयोग अमरीका के आसपास मादक पदार्थों से जुड़े आतंकवाद से निपटने और पनामा नहर की सुरक्षा के लिए किया जाएगा।

 

*******

 

भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

 

नई दिल्‍ली में कल अफगानिस्‍तान ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए भारत को 160 रन का लक्ष्‍य दिया। जवाब में भारत ने 15वें ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया। भारत की तरफ से संजू सैमसन ने सर्वाधिक 57 रन बनाए। नीतीश कुमार रेड्डी ने तीन विकेट लिए। उन्‍हें प्‍लेयर ऑफ द् मैच चुना गया। श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच कल दिल्ली में ही खेला जाएगा।

 

*******

 

मौसम विभाग ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में आज तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। केरलम, माहे, पंजाब, सिक्किम, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्‍काल में भी स्थिति ऐसी ही बनी रहने की संभावना है।

 

बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, ओडिशा और राजस्थान में अगले दो दिन गरज चमक के साथ वर्षा की संभावना है। आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी आज ऐसी ही स्थिति रह सकती है।

 

*******

 

वहीं, केरलम में एर्नाकुलम, पथानामथिट्टा और इडुक्की ज़िलों में तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, कोझिकोड और कन्नूर ज़िलों में तटीय इलाकों में ऊँची लहरें उठने की भी चेतावनी दी गई है।

 

*******

 

नेपाल में मृतकों की संख्या बढ़कर एक हजार 399 हो गई है। प्रभावित आठ जिलों में और शव मिलने के बाद यह संख्या बढ़ी है। करीब पांच हजार 170 लोग अब भी लापता हैं, जबकि 13 हजार 742 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है।

 

*******

 

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंनवीन सक्सेना।

 

  1. गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में छह राज्यों के बीच हुए जल समझौते की खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से है। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- दिल्‍ली की गागर में बढ़ेगा जल, यमुना भी होगी स्‍वच्‍छ। पत्र के अनुसार 32 किलोमीटर लंबी झील बनवाने का प्रस्‍ताव, 97 हजार हेक्‍टेयर भूमि की सिंचाई होगी। दैनिक जागरण के अनुसार आठ दशक से लंबे किशाऊ बांध परियोजना पर छह राज्‍यों के बीच समझौता। अमर उजाला लिखता है- 90 प्रतिशत पैसा केन्‍द्र का, चार राज्‍यों को पानी, दो को बिजली का लाभ।
  2. जनसत्‍ता का शीर्षक है- निर्यात की झलांग, व्‍यापार घाटा कम, चालू खाते ने लगाया गोता। पत्र के अनुसार निर्यात 26 दशमलव एक दो फीसद बढ़कर 44 अरब डॉलर हुआ।

  3. लोकसत्‍य के अनुसार रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विमर्श 2026 सम्‍मेलन में कहा- एआई और ड्रोन से बदलेगा भविष्‍य का युद्ध, रक्षा क्षेत्र आत्‍मनिर्भर और सुरक्षित भारत की आधारशिला।

  4. पंजाब केसरी ने बाल सुरक्षा जरूरी शीर्षक से लिखा है- भारतीय कानून के सामने झूका मेटा, बच्‍चों के यौन शोषण की सूचना देने को राज़ी।

  5. दैनिक ट्रिब्‍यून की सुर्खी है- ट्रंप प्रशासन को झटका, अमरीका में नए स्‍टूडेंट वीजा नियमों पर कोर्ट की रोक, डाक मत पत्र पर रोक का ट्रंप का प्रस्‍ताव भी खारिज।

  6. राजस्‍थान पत्रिका ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय का बडा निर्णय देते हुए लिखा है- डॉक्‍टर उपभोक्‍ता संरक्षण कानून के दायरे में ही रहेंगे, 31 साल पुराने फैसले में दखल देने से इंकार। फैसले से मरीज़ चिकित्‍सा सेवाओं में कमी पर उपभोक्‍ता आयोग में जा सकेंगे।

  7. दैनिक भास्‍कर ने ग्राउंड रिपोर्ट में दिया है- उत्‍तराखंड में केदारनाथ पैदल मार्ग पर अब हेलमेट के बिना एंट्री नहीं, गिर रहे पत्‍थर, सौ सौ के जत्‍थे में जा रहे श्रद्धालु, 21 किलोमीटर रास्‍ते पर 13 डेंजर ज़ोन।

*******

 

अंत में मुख्य समाचार :-

  1. सरकार ने कहा- लोगों के बीच किसी भी राशि के यूपीआई लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।

  2. महाराष्ट्र सरकार ने 2025-26 पेराई सत्र में किसानों के लंबित भुगतान के लिए चीनी मिलों को रियायती ऋण देने का निर्णय लिया।

  3. दिल्ली सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के लिए मासिक प्रोत्साहन राशि तीन हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये करने की घोषणा की; राष्ट्रीय राजधानी के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 10 हजार छात्रों के लिए छात्रावासों का निर्माण भी स्‍वीकृत।

  4. भारत-अमरीका संयुक्त युद्ध अभ्यास उत्तराखंड के औली और राजस्थान के महाजन रेंज में शुरू।

  5. न्‍यूजीलैंड संसद ने भारत के साथ मुक्‍त व्‍यापार समझौते को लागू करने का विधेयक पारित किया।

  6. भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट मैच में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई।

 

*******