सामाजिक फीड

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

June 22, 2026 8:45 PM

समाचार संध्या

printer

मुख्य समाचार :-

  1. उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए।
  2. उद्धव ठाकरे गुट वाले शिवसेना के छह लोकसभा सदस्‍य शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट में शामिल।
  3. भारतीय रेलवे ने पूर्वी तट रेलवे के छह सौ 31 किलोमीटर के मार्ग पर स्वचालित रेल सुरक्षा प्रणाली कवच को मंजूरी दी।
  4. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने लेबर पार्टी में असंतोष के बाद इस्तीफ़े की घोषणा की।
  5. आई.एस.एस.एफ जूनियर निशानेबाजी विश्‍व चैंपियनशिप में प्रीतम केंद्रे के स्‍वर्ण पदक सहित भारतीय निशानेबाजों ने चार और पदक जीते। तालिका में भारत शीर्ष पर।
  6. फीफा फुटबॉल विश्‍वकप में आज रात अर्जेंटीना का मुक़ाबला ऑस्ट्रिया से होगा।

*****

लखनऊ के अलीगंज इलाके में आज दोपहर एक भीषण आग की घटना में 15 लोगों की मौत हो गई। इनमें ज्यादातर 16 से 18 वर्ष के छात्र थे। अलीगंज के पुरानिया इलाके में एक दुकान के ऊपर चल रहे एनिमेशन कोचिंग सेंटर में आग लग गई। चार छात्र घायल हो गए हैं, जिन्हें लखनऊ के केजीएमसी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। एक रिपोर्ट………..

 

 

 

आग इमारत में अंदर से लगी और तेजी से फैल गई जिससे लोग अंदर ही फंस गए। फायर ब्रिगेड पुलिसकर्मी और एसडीआरएफ और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव और राहत अभियान शुरू किया। कुछ लोगों ने पहली मंजिल से कूद कर अपनी जान बचाने की भी कोशिश की।  बचाव दल दीवार तोड़कर इमारत में दाखिल हुआ और लोगों को बाहर निकालने में भी कामयाब रहा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि राज्य के डीजीपी और अपर मुख्य सचिव गृह की उच्च स्तरीय समिति मामले की जांच करेगी।

 

 

 

घटना के उच्‍चस्‍तरीय जांच के निर्देश दे दिए हैं। डीजीपी मौके पर बुलाया गया है और उनको निर्देश दिए की घटना के कारणों की जांच और घटना कैसे घटी भविष्‍य में न घटे इसके लिए कड़ी कार्रवाई करेंगे।

 

 

 

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा है कि दोषियों को बख्‍शा नहीं जाएगा।

 

 

योगी आदित्‍यनाथ

मैं उन सभी परिजनों के प्रति जिन्होंने अपने परिवार के उन नौजवानों को खोया है, उनके प्रति में अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और इस पूरे मामले के लिए मैंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि वह स्वयं मौके पर जाकरके इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे इस पूरे मामले की तह में हम जाकर के दोषियों को सजा दे सकें।

 

 

 

अलीगढ़ और फिरोजाबाद जिलों का अपना दौरा अधूरा छोड़कर लखनऊ लौटे मुख्यमंत्री ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल में घायलों से भी मुलाकात की। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार लखनऊ।

 

 

*****

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस समय एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम ग्रेट पावर इंडिया नेशन फर्स्‍ट कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। आइए सुनते हैं उनका संबोधन-

 

 

*****

 

 

शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज घोषणा की कि शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के छह लोकसभा सांसद उनकी पार्टी शिवसेना में शामिल हो गए हैं। श्री शिंदे ने इन सभी सांसदों का पार्टी में स्‍वागत किया। मुंबई में संवाददाताओं से बातचीत में श्री शिंदे ने कहा कि आज का दिन शिवसेना के लिए ऐतिहासिक है।

 

आज का दिन शिवसेना के लिए ऐतिहासिक दिन है हमारे छह खासदार शिवसेना में शामिल हुए हैं इससे शिवसेना की ताकत बढ़ रही है। शिवसेना सेकंड लार्जेस्ट पार्टी महाराष्ट्र में हो चुकी है और ये डबल इंजन  की सरकार है। महाराष्ट्र को आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी भी बहुत बड़े पैमाने पर सहयोग कर रहे हैं, इसलिए विकास हो रहा है।

 

 

*****

 

 

भारतीय रेलवे ने पूर्वी तट रेलवे के छह सौ 31 किलोमीटर के मार्ग पर स्वचालित रेल सुरक्षा प्रणाली कवच को मंजूरी दे दी है। इससे सुरक्षा और परिचालन दक्षता में सुधार होगा।

 

रेल मंत्रालय ने बताया कि इस परियोजना में पूर्वी तट रेलवे के छह महत्वपूर्ण खंड शामिल हैं। इनमें बाघुआपालबुद्धापंक, हरिदासपुरपारादीप, खुर्दा रोडबलंगीर, नौपाड़ागुनूपुर, लांजीगढ़ रोडजूनागढ़ और बोब्बिलीसालूर शामिल हैं। इन मार्गों पर कवच की स्थापना से स्वचालित रेल सुरक्षा और किसी भी तरह की टक्कर से बचाव की क्षमता प्रदान करके रेलगाड़ी संचालन में उच्च स्तर की सुरक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी। मंत्रालय ने कहा कि इस परियोजना से पूर्वी तट रेलवे द्वारा सेवा प्रदान किए जाने वाले ओडिशा और पड़ोसी क्षेत्रों के प्रमुख खंडों पर यात्री और मालगाड़ी दोनों के संचालन को लाभ होने की उम्मीद है। यह भीडभाड और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मार्गों पर कवच का विस्तार करने के भारतीय रेलवे के चल रहे अभियान को भी मजबूत करेगा। सौम्‍या की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

 

 

*****

 

 

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए अपना पहला पूर्ण बजट पेश किया। रोजगार और जन कल्‍याण को बढ़ावा देते हुए राज्‍य के विभिन्‍न विभागों में एक लाख खाली पदों पर नियुक्ति की घोषणा की गई है।

 

 

वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता ने चार लाख करोड़ रुपये से अधिक का राज्य बजट प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसे विकसित भारतके साथ विकसित बंगालके निर्माण का बजट बताया। बजट में राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 18 प्रतिशत से बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने की घोषणा की गई है। महिला सुरक्षा के लिए सभी थानों में नारी सहायता डेस्क और दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड बनाया जाएगा। दार्जिलिंग और गंगासागर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। काशफी नाहर, आकाशवाणी समाचार कोलकाता।

 

 

*****

 

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज मंगोलिया के उलानबातर में मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पिछले साल श्री उखना की भारत यात्रा ने भारत-मंगोलिया रणनीतिक साझेदारी को मजबूती प्रदान की थी। उन्होंने मुलाकात के दौरान मंगोलिया के राष्ट्रपति को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दी।

 

 

*****

 

 

इससे पहले दिन में, विदेश मंत्री ने उलानबातर में मंगोलिया के विदेश मंत्री बत्सेत्सेग बटमुंख से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि चर्चाओं में भारत-मंगोलिया रणनीतिक साझेदारी, मजबूती और संभावनाओं पर बात की गई। दोनों नेताओं ने विकास परियोजनाओं, क्षमता निर्माण, संस्कृति, शिक्षा, सुरक्षा और बहुपक्षीय मंचों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।

 

 

*****

 

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में इस्राएल के रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक, सेवानिवृत्त मेजर जनरल अमीर बराम से मुलाकात की। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि श्री बराम ने राजनाथ सिंह को दोनों देशों के विशेष रणनीतिक साझेदारी में भारत-इस्राएल रक्षा सहयोग को बढ़ाने के लिए इस्राएल की प्रतिबद्धता से अवगत कराया।

 

 

*****

 

 

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आज 16वीं ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बैठक से इतर नई दिल्ली में ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार परिषद के रक्षा मामलों के उप सचिव ग़ादीर निज़ामीपुर से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। श्री डोभाल ने इथियोपिया की राष्ट्रीय खुफिया और सुरक्षा सेवा के विश्लेषण कार्यकारी निदेशक, मिलियन लेमा तदेसे से भी मुलाकात की। श्री डोभाल ने ब्राजील के बहुपक्षीय और राजनीतिक मामलों के सचिव, कार्लोस कोज़ेंडे से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने ब्रिक्स ढांचे के तहत भारत और ब्राजील के बीच सहयोग का स्वागत किया।

 

 

*****

 

 

गृह राज्य मंत्री बंङी संजय कुमार ने कहा है कि राष्‍ट्रीय विकास में केन्‍द्रीय औद्योगिकी सुरक्षा बल- सी.आई.एस.एफ की बहुत महत्‍वपूर्ण भूमिका है। उन्‍होंनें कहा कि राष्‍ट्र के आर्थिक विकास में सी.आई.एस.एफ के जवानों का बड़ा योगदान होता है। नई दिल्‍ली में आज सीआईएसएफ के नए मुख्‍यालय भवन की आधारशिला रखते हुए उन्‍होंने यह बात कही।

 

 

*****

 

 

संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज नई दिल्ली में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस के संवादात्मक सत्र में भाग लिया। श्री शेखावत ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र का विकास लाखों लोगों के जीवन में परिवर्तन का साधन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार रोजगार, विकास और समृद्धि के नए अवसर पैदा कर रही है। 

 

 

*****

 

 

केंद्र सरकार ने आज सर्वोच्च न्यायालय को सूचित किया कि केंद्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड- सी.बी.एस.ई. ने उन निजी छात्रों के मूल्यांकन के लिए एक नई नीति बनाई है, जो हाल ही में ईरान-अमरीका संघर्ष के कारण खाड़ी देशों में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा रद्द होने से प्रभावित हुए थे। न्‍यायमूर्ति एस.वी.एन. भट्टी और विपुल एम. पंचोली की पीठ को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि क्षेत्रीय संघर्ष के कारण खाड़ी देशों में परीक्षा रद्द होने से प्रभावित छात्रों की चिंताओं को दूर करने के लिए एक नई अखिल भारतीय नीति तैयार की गई है।

 

 

*****

 

 

सहकारिता मंत्री अमित शाह कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ-नैफेड के नीलामी पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। पोर्टल का शुभारंभ नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और सुगम संचालन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

 

*****

 

 

झारखण्‍ड में पिछले चौबीस घंटों के दौरान राज्‍य के विभिन्‍न हिस्‍सों में बिजली गिरने से आठ लोगों की मृत्‍यु हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में सीपीआई के एक नेता, एक वार्ड सदस्‍य, एक किसान और अन्‍य निवासी शामिल हैं। घायलों को ईलाज के लिए विभिन्‍न जिलों के अस्‍पतालों में भर्ती कराया गया है।

 

 

*****

 

 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता के पद से इस्तीफ़ा देने की घोषणा की है। अपनी ही पार्टी के भीतर बढ़ते दबाव के बीच उन्होंने डाउनिंग स्ट्रीट में अपना कार्यकाल समाप्त किया। इस्तीफ़े का बयान देने से पहले, स्टारमर अपनी पत्नी के साथ 10 डाउनिंग स्ट्रीट से बाहर निकले, जहाँ लोगों ने उनका उत्साह के साथ स्वागत किया और तालियाँ बजाईं। श्री स्‍टारमर ने कहा कि सितंबर में संसद के सत्र के शुरू होने से पहले जब तक नया नेता नहीं चुन लिया जाता, तब तक वे अपने पद पर बने रहेंगे।

 

 

 

मैंने जो भी फ़ैसले लिए हैं, उनमें हमेशा अपने देश को प्राथमिकता दी है जिससे मैं प्यार करता हूँ। इसीलिए मैं लेबर पार्टी के नेता का पद छोड़ रहा हूँ। मैंने आज सुबह ब्रिटेन नरेश से बात करके उन्हें अपने फ़ैसले के बारे में बता दिया है। अगर मुकाबले की स्थिति बनती है, तो निश्चित रूप से सितंबर में संसद सत्र शुरू होने से पहले पार्टी का नेता चुन लिया जाए। प्रक्रिया पूरी होने तक मैं प्रधानमंत्री के पद पर बना रहूँगा।

 

 

*****

 

 

कतर के औद्योगिक क्षेत्र रस लाफान में आज हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई। इनमें कुछ भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन श्रीदा अल-काबी ने बताया कि कल शाम बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में विस्फोट के कारण लगी आग में 66 लोग घायल हो गए।

 

 

*****

 

 

जर्मनी के सुहल में आई.एस.एस.एफ. जूनियर निशानेबाजी विश्‍व चैंपियनशिप में आज भारत के प्रीतम केंद्रे ने 10 मीटर एयर राइफल पुरूष स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीता। वहीं, 25 मीटर पिस्टल टीम स्‍पर्धा में महिलाओं और पुरूषों ने कांस्‍य पदक जीते। प्रतियोगिता में भारतीय निशानेाबाजों ने आज अलग-अलग स्‍पर्धाओं में चार पदक भी जीते। भारत 5 स्‍वर्ण, 1 रजत और 6 कांस्‍य पदक के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है।

 

 

*****

 

 

फीफा फुटबॉल विश्‍व कप के ग्रुप-जे के मुकाबले में आज अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया आमने-सामने होंगे। यह मैच भारतीय समयानुसार रात साढे दस बजे से खेला जाएगा। वहीं, ग्रुप-आई में फ्रांस का सामना इराक से होगा। प्रतियोगिता के अन्‍य मुकाबलों में मिस्र और स्‍पेन ने शानदार जीत दर्ज की।

 

 

*****

 

 

और, अब आर्थिक जगत की खबरों के साथ हैं – मनोज पाठक।

 

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्स आज 291 अंक बढ़कर 77 हजार 94 पर बंद हुआ, उधर, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 90 अंक बढ़त के साथ 24 हजार एक सौ 3 दर्ज हुआ और अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 35 पैसे कमजोर होकर 94 रुपए 68 पैसे पर बंद हुआ

 

 

*****

 

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. उत्तर प्रदेश में लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग की घटना में 15 लोगों की मौत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए।

  2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्‍यवस्‍था होने के साथ ही भरोसेमंद विश्‍व शक्ति के रूप में उभर रहा है।

  3. उद्धव ठाकरे गुट वाले शिवसेना के छह लोकसभा सदस्‍य शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट में शामिल।

  4. भारतीय रेलवे ने पूर्वी तट रेलवे के छह सौ 31 किलोमीटर के मार्ग पर स्वचालित रेल सुरक्षा प्रणाली कवच की मंजूरी दी।

  5. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने लेबर पार्टी में असंतोष के बाद इस्तीफ़े की घोषणा।

  6. आई.एस.एस.एफ जूनियर निशानेबाजी विश्‍व चैंपियनशिप में प्रीतम केंद्रे के स्‍वर्ण पदक सहित भारतीय निशानेबाजों ने चार और पदक जीते। तालिका में भारत शीर्ष पर।

  7. फीफा फुटबॉल विश्‍वकप में आज रात अर्जेंटीना का मुक़ाबला ऑस्ट्रिया से।

*****