यमन के ईरान समर्थित हौसी विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर नए हमलों की शुरूआत कर दी है, वहीं यमन के अधिकारियों ने कहा है कि समूह ने लाल सागर के पास देश के पश्चिमी तट पर अपनी स्थिति मजबूत करना शुरू कर दिया है। इस बीच, खाड़ी अरब देशों ने ईरान के साथ नियोजित वार्ता स्थगित कर दी है, जिससे यह आशंका बढ़ गई है कि मध्य पूर्व में संघर्ष और फैल सकता है। जिसके कारण वैश्विक तेल आपूर्ति खतरे में आ सकती है।
कल हौसी विद्रोहियों ने कहा कि उन्होंने दक्षिणी सऊदी अरब के खमीस मुशैत में एक सैन्य हवाई अड्डे पर दर्जनों मिसाइलें और ड्रोन दागे। उन्होंने कहा कि ये हमले सऊदी हवाई हमलों के जवाब में विमान, रडार सिस्टम, रनवे और गोला-बारूद भंडारण क्षेत्रों को निशाना बनाकर किए गए थे।
सऊदी अधिकारियों ने खमीस मुशैत और तीन अन्य दक्षिणी शहरों में आपातकालीन अलर्ट जारी कर दिया है। यमन में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि हौसी विद्रोहियों के हमलों में 13 नागरिक घायल हुए हैं।