स्लोवाकिया में आयोजित अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवानों ने तीन और पदक जीते। मानसी लाठर ने रजत पदक तथा तन्वी गुंदेश मगदुम और कोमल ने कांस्य पदक हासिल किए। मानसी को 68 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में चीन की चेनलिंग सोंग से कड़े मुकाबले में 1-2 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
तन्वी ने 57 किलोग्राम वर्ग में कनाडा की एग्निया क्राकोवस्का को 10-4 से हराया, जबकि कोमल ने 59 किलोग्राम वर्ग में हंगरी की एडा बालाज़ को 5-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। इससे पहले शुक्रवार को काजल धोचक ने महिलाओं के 76 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि तनु शर्मा और सविता ने अपने-अपने भार वर्गों में रजत पदक हासिल किए।
18 वर्षीय काजल ने 76 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में चीन की जिंगरू सन को 7-0 से हराकर विश्व खिताब जीता। 72 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में तनु ने जापान की चिसातो योशिदा को कड़ी टक्कर दी, लेकिन 3-5 से हारकर उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
सविता को भी 62 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जापान की सकुरा ओनीशी से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 2-12 से हारकर, रजत पदक मिल पाया। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में प्रवेश करने के साथ ही, भारतीय दल अब पुरुषों की फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं के शेष 57 किलोग्राम, 65 किलोग्राम, उन्हासी किलोग्राम और 92 किलोग्राम वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेगा।