अगस्त 15, 2026 2:20 अपराह्न

printer

विश्व नेताओं ने भारत की वैश्विक सहयोग में बढ़ती भूमिका की सराहना करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं

विश्व नेताओं और विदेशी दूतावासों ने आज भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और इसकी लोकतांत्रिक यात्रा, सभ्यतागत विरासत और क्षेत्रीय एवं वैश्विक सहयोग में बढ़ती भूमिका की सराहना की।

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत और अमरीका के बीच मजबूत होते संबंधों का उल्‍लेख किया। वहीं, सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम ने कौशल, डिजिटलीकरण, स्थिरता और उन्नत विनिर्माण में बढ़ते सहयोग की बात कही।

इस्राएल के राजदूत रूवेन अजार, अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कौसिनो, श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिनी कोलोन, नेपाल दूतावास, फ्रांस के दूतावास, ऑस्ट्रेलिया के उप उच्चायुक्त और कनाडा के उच्चायोग ने भी भारत की विरासत, विविधता, आर्थिक क्षमता और बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों पर जोर देते हुए शुभकामनाएं दीं।

मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह और मालदीव नेशनल पार्टी के अध्यक्ष मोहम्मद नाजिम ने भारत के विकास और मालदीव के साथ इसकी घनिष्ठ साझेदारी की प्रशंसा की।

इस वर्ष के समारोहों में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने और 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में भारत के युवाओं की आकांक्षाओं और योगदानों का उल्‍लेख किया गया।

विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों और वाणिज्‍य दूतावासों से भी 80वां स्‍वतंत्रता दिवस मनाए जाने की खबरें आ रही हैं। इस अवसर पर सिंगापुर, चीन और हांगकांग में बड़ी संख्‍या में भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग उपस्थित रहे।

सिंगापुर में उच्‍चायुक्‍त शिल्‍पक एम्‍बुले ने राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश पढ़कर सुनाया।

चीन में भारतीय राजदूत विक्रम दुरईस्‍वामी ने भारी वर्षा के बावजूद तिरंगा फहराया और स्‍वतंत्रता दिवस प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्‍कृत किया।

हांगकांग में ध्‍वजारोहण के बाद मुख्‍य कार्यकारी जॉन ली का चियू ने कहा कि भारतीय समुदाय ने हांगकांग के विकास में बड़ा योगदान दिया है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला