सितम्बर 2, 2026 2:50 अपराह्न

printer

विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने कहा- भारत में वर्तमान 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि दर से आगे बढ़ने की क्षमता

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमरीका के ऐशविल में जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक के दौरान विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-विश्व बैंक समूह साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। इस दौरान अवसंरचना क्षेत्र में ऋण सुविधा बढाने के लिए कार्यक्रमबद्ध दृष्टिकोण पर भी विचार किया गया।

सुश्री सीतारमण ने भारत में एक वैश्विक डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना ज्ञान केंद्र स्थापित करने के लिए विश्व बैंक समूह के साथ भारत की सहभागिता का उल्‍लेख किया। इसमें कृषि जैसे क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने के अवसर तलाशना भी शामिल है।

विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने एक साक्षात्‍कार में कहा कि भारत में वर्तमान 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि दर से आगे बढ़ने की क्षमता है। श्री बंगा ने वैश्विक ऊर्जा दबाव, व्यापार अनिश्चितता और अल नीनो के प्रभाव के बावजूद देश के मौजूदा आर्थिक प्रदर्शन को मजबूत बताया।

श्री बंगा ने कहा कि नवीनतम विकास आंकड़े भारतीय अर्थव्यवस्था की वर्तमान मजबूत स्थिति को दर्शाते हैं। विश्व बैंक अध्यक्ष ने सेवाओं और निर्यात में वृद्धि के साथ-साथ निरंतर निवेश का भी उल्‍लेख किया। श्री बंगा ने कहा कि भारत सड़कों, पुलों, हवाई अड्डों, बिजली, जल और डिजिटलीकरण पर महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।