अमरीका में आयोजित विश्व एथलेटिक्स अंडर-ट्वेंटी चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
भारत के बसंत कुमार मेघवाल ने हाई जंप में रजत पदक जीता, जबकि शाहनवाज खान ने लॉंग जंप में कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरुषों की हाई जंप में, 19 वर्षीय मेघवाल ने 2.21 मीटर की अपनी व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर रजत पदक जीता। वह विश्व अंडर- ट्वेंटी चैंपियनशिप में हाई जंप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। अल्जीरिया के यूनिस अयाची ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुषों की लॉंग जंप में, शाहनवाज ने 7.84 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। 18 वर्षीय शाहनवाज ने अपने तीसरे प्रयास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इटली के डेनियल इन्जोली ने 7.97 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता।
इससे पहले, भाला फेंक में आशीष यादव ने रजत पदक जीता और नीरज चोपड़ा के बाद विश्व एथलेटिक्स अंडर-ट्वेंटी चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए। यादव ने कल तीसरे दौर में 74.09 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया।