सितम्बर 3, 2026 6:15 अपराह्न

printer

मुंबई में 18,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चालू: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि रेलवे क्षमता बढ़ाने, सिग्नल व्यवस्था में सुधार और स्वचालित दरवाजों वाली नई पीढ़ी की उपनगरीय रेलगाड़ियां शुरू करने के लिए व्यवस्थित रूप से काम कर रहा है। श्री वैष्णव ने कहा कि मुंबई में 18 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वे आज नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सीएसएमटी से सिंधुदुर्ग के सावंतवाड़ी रोड तक एक्सप्रेस रेलगाड़ी को रवाना करने के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
 
रेल मंत्री ने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल गलियारे महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास को काफी मजबूत करेंगे। इन गलियारों से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट से देश के अन्य हिस्सों तक माल की आवाजाही सुगम होगी। उन्होंने कहा कि मुंबई में इस समय करीब तीन हजार 200 लोकल रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं। इन सेवाओं की संख्या में लगभग 10% की वृद्धि से यात्रियों की आवाजाही बेहतर होगी।
 
श्री वैष्णव ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री को 28 वातानुकूलित लोकल ट्रेनों के निर्माण का आदेश दिया है। इनमें से पहली ट्रेन का उत्पादन अगले वर्ष शुरू होने की उम्मीद है।रेल मंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी की लोकल ट्रेनें मुंबई की उपनगरीय रेल व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएंगी।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला