जुलाई 12, 2026 12:01 अपराह्न

printer

WIMBLEDON: पुरुष सिंगल्स और महिला डबल्स के फाइनल मैच आज

टेनिस में, पुरुष सिंगल्‍स और महिला डबल्‍स के फाइनल मैच आज खेले जाने के कारण विंबलडन के दो खिताबों के नतीजे सामने आएंगे।
 
विश्‍व के नम्‍बर एक खिलाड़ी यानिक सि‍नर रात 8:30 बजे से पुरुष सिंगल्‍स में जर्मनी के एलेक्‍जेंडर ज्‍वेरेव के साथ खेलेंगे। नोवाक जोकोविच को सीधे सेटों में हराकर सिनर ने खिताबी भिड़ंत में अपना स्‍थान सुरक्षित किया है। वहीं, ज्‍वेरेव ने ब्रिटेन के आर्थर फेरी को हराने के बाद विंबलडन के अपने पहले फाइनल मुकाबले में प्रवेश किया।
 
महिला डबल्‍स का फाइनल शाम 5:30 बजे से खेला जाएगा। 10वीं वरीयता प्राप्‍त चीन की गुओ हान्‍यु और फ्रांस की क्र‍िस्‍टीना म्‍लाडेनोविक की जोड़ी दूसरी वरीयता प्राप्‍त कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोवस्‍की और ब्राजील की लुइसा स्‍टेफनी की जोड़ी से खेलेंगी।
 
महिला सिंगल्‍स के फाइनल में कल 21 वर्षीय लिंडा नोस्‍कोवा ने लंदन के सेंटर कोर्ट में चेक गणराज्‍य की कैरोलीना मुचोवा को 6-2, 5-7, 6-3 से हराने के बाद अपना पहला ग्रैंड स्‍लैम खिताब जीता।
 
नोस्‍कोवा, ग्रास-कोर्ट पर चार वर्षों में जीत दर्ज करने वाली चेक गणराज्‍य की तीसरी महिला बन गई हैं। उनसे पहले 2023 में मार्केटा वोंद्रोसोवा और 2024 में बारबोरा क्रेज्सिकोवा ने यह खिताब जीता था।